इलेक्ट्रॉनिक “पेंशन पेमेंट आर्डर ” से वरिष्ठ नागरिकों का जीवन आसान हो जायेगा
नई दिल्ली :- कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा है कि हाल में लागू इलेक्ट्रॉनिक “पेंशन पेमेंट आर्डर” (पीपीओ) से वरिष्ठ नागरिकों का जीवन आसान हो जायेगा।
डॉ0 सिंह ने मंत्रालय द्वारा शुरू किए गए कुछ महत्वपूर्ण सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि पेंशन विभाग को अक्सर वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतें मिलती थीं कि उनके पेंशन भुगतान आदेश की मूल प्रतियां गायब हो गई हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में, पेंशनभोगियों, विशेष रूप से वृद्ध पेंशनभोगियों को काफी मुश्किलें होती थीं।
डॉ0 सिंह ने पेंशन विभाग के उन अधिकारियों को बधाई दी, जिन्होंने कोविड महामारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक “पेंशन पेमेंट आर्डर” को सफलतापूर्वक शुरू किया। यह प्रणाली कई पेंशन भोगियों के लिए वरदान साबित हुई है। उन्होंने कहा कि महामारी के कारण पेंशनभोगियों को हो रही कठिनाइयों के मद्देनजर पूरी प्रक्रिया तय समयसीमा से बहुत पहले पूरी हो गई थी।
इसी के अनुसार पेंशन और पेंशनधारक कल्याण विभाग ने डिजी-लॉकर के साथ नियंत्रक महालेखाकार के पीएफएमएस के आवेदन के माध्यम से उत्पन्न इलेक्ट्रॉनिक पीपीओ को एकीकृत करने का निर्णय लिया। इससे पेंशनभोगियों को डिजी-लॉकर खाते से उनके पीपीओ की नवीनतम प्रति का प्रिंट तत्काल मिल जाता है।

