ईडी ने धन शोधन के मामले में अनिल देशमुख को नामित कर आरोप-पत्र दायर किया

प्रवर्तन निदेशालय- ईडी के अधिकारियों ने मनी लॉन्‍डरिंग से जुड़े मुकदमे में कल महाराष्‍ट्र के पूर्व गृहमंत्री अनि‍ल देशमुख के नाम आरोप पत्र दाखिल किया।

ईडी देशमुख पर आरोपों की जांच कर रही है। आरोप है कि उन्‍होंने पूर्व सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाझे को मुम्‍बई के बार और रेस्‍त्रां से सौ करोड रुपए महीना वसूलने को कहा था।

पता चला है कि बर्खास्‍त पुलिस अधिकारी वाझे ने बार और रेस्‍त्रां से वसूली के बाद देशमुख को चार करोड 70 लाख रुपए सौंपे थे।

माना जा रहा है कि छह हजार से अधिक पृष्‍ठों के आरोप पत्र में देशमुख का नाम मुख्‍य आरोपी के रूप में शामिल किया गया है। आरोप पत्र में देशमुख के पुत्र ऋषिकेश और सलिल का नाम भी शामिल है।

ईडी ने दो नवम्‍बर को देशमुख को गिरफ्तार किया था। इस समय वह मुम्‍बई की आर्थर रोड़ जेल में न्‍यायिक हिरासत में है। इस मुकदमे में यह दूसरा आरोप पत्र है।

पहला आरोप पत्र अगस्‍त में देशमुख के निजी सचिव संजीव प्‍लांडे और निजी सहायक कुंदन शिंदे के नाम दाखिल किया गया था। देशमुख के परिवार द्वारा संचालित शैक्षिक ट्रस्‍ट श्री साई शिक्षण संस्‍था का नाम पहले आरोप पत्र में शामिल था।