रायपुर। प्रतिवर्ष 5 जून को संपूर्ण राष्ट्र में विश्व पर्यावरण दिवस का आयोजन किया जाता है । इस अवसर पर पौधरोपण एवं पर्यावरण से संबंधित अनेकों कार्यक्रम भी होते हैं। इसी कड़ी में रायपुर रेल मंडल में पर्यावरण के प्रति सभी लोगों में जन जागरुकता बढ़ाने सुबह 7:30 बजे से सेक्रेसा मैदान डब्ल्यूआरएस कॉलोनी से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय तक वाकाथन का आयोजन किया गया। वाकथन के दौरान पर्यावरण को बचाने के लिए स्लोगन का दौराहन किया गया। पोस्टर, बैनर फ्लेक्स के माध्यम से पर्यावरण बचाने के संदेशों को आमजन तक पहुंचाया गया।
इसमें मंडल रेल प्रबंधक श्याम सुंदर गुप्ता एवं अध्यक्षा सेक्रो राधा गुप्ता एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) लोकेश बिश्नोई अपर मंडल रेल प्रबंधक(इंफ़्रा) आशीष मिश्रा एवं सेक्रो पदाधिकारियों सहित रायपुर रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी गण सिविल डिफेंस के वालंटियर,रेलवे सुरक्षा बल के जवान, स्पोर्ट्स टीम के सदस्य स्काउट गाइड सहित सभी रेल कर्मियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के प्रांगण में पर्यावरण को बचाने के लिए जन जागरुकता अभियान में नुक्कड़ नाटक का आयोजन रायपुर रेल मंडल की सांस्कृतिक टीम ने किया। रेलवे के कर्मचारियों ने अपने अभिनय की प्रस्तुति कर पर्यावरण के संरक्षण के प्रति जन जागरुकता का संदेश दिया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्याम सुंदर गुप्ता एवं अध्यक्षा सेक्रो, राधा गुप्ता, अधिकारियों ने डब्ल्यूआरएस कॉलोनी रायपुर में पौधरोपण किया। इस अवसर पर रायपुर रेल मंडल के समस्त शाखा अधिकारी उपस्थित रहे और पौधरोपण में अपना योगदान दिया। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी में लगभग 500 पौधे लगाए गए। इसमें फलदार, छायादार एवं औषधीय पौधे शामिल थे।

