सुनील सोनी को जिला निर्वाचन अधिकारी ने सौंपा प्रमाण पत्र, रायपुर दक्षिण में गूंजा विजय घोष
रायपुर : रायपुर दक्षिण विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने कांग्रेस के आकाश शर्मा को भारी मतों के अंतर से पराजित कर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुनील सोनी को विधायक का प्रमाण पत्र सौंपा। इस जीत के साथ ही भाजपा के खेमे में उत्साह और जश्न का माहौल है, जबकि कांग्रेस कार्यालय में गहरी मायूसी छाई हुई है।
सुनील सोनी ने कुल 89,220 मत प्राप्त कर 46,167 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के आकाश शर्मा को केवल 43,053 वोट मिले। पोस्टल बैलेट में भी भाजपा ने बढ़त बनाए रखी, जहां सुनील सोनी को 161 और कांग्रेस को मात्र 76 वोट मिले। यह परिणाम कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका साबित हुआ।
चुनाव में भाजपा की इस निर्णायक जीत ने महापौर एजाज ढेबर और नगर सभापति प्रमोद दुबे जैसे कांग्रेस नेताओं के वार्डों में भी पार्टी को बढ़त दिलाई। यह परिणाम इस बात का संकेत है कि भाजपा ने रायपुर दक्षिण में हर वर्ग और समुदाय के बीच अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।
कांग्रेस नेता धनेंद्र साहू ने इस हार पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जनता को अब विकास और पैसा चाहिए। उन्होंने यह भी माना कि चुनाव के पहले ही राउंड से यह साफ हो गया था कि सुनील सोनी निर्णायक बढ़त की ओर बढ़ रहे हैं। मुकाबले में कहीं भी कांटे की टक्कर नजर नहीं आई, और कांग्रेस का प्रदर्शन अपेक्षा से काफी कमजोर रहा।
भाजपा कार्यालय में जीत का जश्न जोर-शोर से मनाया गया। कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते नजर आए। वहीं, सुनील सोनी ने अपनी जीत को क्षेत्र की जनता और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और भाजपा के विकास कार्यों पर भरोसा जताया है।
इस जीत से भाजपा को जहां राज्य में अपनी स्थिति मजबूत करने का अवसर मिला है, वहीं कांग्रेस को अपनी रणनीतियों और जमीनी पकड़ पर पुनर्विचार करने की आवश्यकता है। रायपुर दक्षिण में भाजपा की यह बड़ी जीत आगामी चुनावों में पार्टी की रणनीतियों के लिए एक महत्वपूर्ण आधारशिला बन सकती है।
