दिल्ली के उप-राज्यपाल ने सिंगापुर में आयोजित होने वाले एक सम्मेलन में भाग लेने संबंधी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रस्ताव को वापस कर दिया
नई दिल्ली :- दिल्ली के उप-राज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सिंगापुर में आयोजित होने वाले एक सम्मेलन में भाग लेने संबंधी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रस्ताव को वापस कर दिया है।
उप-राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को सलाह दी है कि वे ‘वर्ल्ड सिटीज समिट एंड डब्ल्यू सी एस मेयर्स फोरम’ में शामिल न हों, क्योंकि यह सम्मेलन महापौरों का है और मुख्यमंत्री की पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
उप-राज्यपाल द्वारा प्रस्ताव वापस किये जाने पर उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक प्रेसवार्ता में बताया कि केजरीवाल को सिंगापुर की सरकार ने उनके नाम से, इस सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजा था।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में शिक्षा, पानी, बिजली और अन्य क्षेत्रों में बेहतर काम हुआ है, इसलिए विश्व में दिल्ली की पहचान अब रहने योग्य शहर के रूप में हो रही है। उप-मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री दिल्ली के विकास के मॉडल से विश्व को अवगत कराना चाहते हैं।
सिसोदिया ने बताया कि उप-राज्यपाल की सलाह से मुख्यमंत्री सहमत नहीं है। इसलिए मुख्यमंत्री ने विदेश मंत्रालय से सिंगापुर जाने की अनुमति मांगी है। उप-मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई है कि भारत सरकार मुख्यमंत्री को सिंगापुर जाने की अनुमति देगी।
