रक्षा मंत्रालय ने पेंशन की स्वीकृति और आहरण के लिए वेब आधारित एकीकृत प्रणाली लागू की
नई दिल्ली :- रक्षा मंत्रालय ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन का भुगतान करने के लिए एकीकृत ऑटोमेशन प्रणाली ‘स्पर्श’ शुरू की है। वेब आधारित इस प्रणाली के जरिये पेंशन के दावों को निपटाने और पेंशन भुगतान का काम किया जाता है। किसी भी तरह की बाहरी मध्यस्थता के बगैर पेंशन के पैसे सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेज दिये जाते हैं।
रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि इस पोर्टल पर पेंशन भोगी अपनी पेंशन से संबंधित सभी जानकारियां प्राप्त कर सकते हैं, पेंशन से संबंधित सभी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं और यदि इस बारे में कोई शिकायत हो, तो उसे भी दर्ज करा सकते हैं।
‘स्पर्श’ प्रणाली के जरिये पेंशन के भुगतान के लिए रक्षा मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंकों पंजाब नेशनल बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के साथ करार किया है। ये दोनों बैंक ‘स्पर्श’ के सर्विस सेंटर के रूप में काम करेंगे। इसके लिए रक्षा लेखा महानियंत्रक रजनीश कुमार और दोनों बैंकों के अधिकारियों के बीच कल नई दिल्ली में रक्षा सचिव डॉ. अजय कुमार की उपस्थिति में एक करार पर हस्ताक्षर किये गये।
