रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राष्ट्रीय हितों की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों में अतिसक्रिय तालमेल का आह्वान किया

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भविष्य की सैन्य रणनीतियों और राष्ट्र के हितों की रक्षा के लिए सशस्त्र सेनाओं के बीच अति सक्रिय समन्वय का आह्वान किया है।

आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज के 59वें स्नातक बैच के दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे। सिंह ने कहा कि हाल के दिनों में भारत ने सीमा विवाद और सीमा पार आतंकवाद जैसे मुद्दों पर साहसिक कदम उठाएं हैं और वैश्विक स्तर पर बड़ी भूमिका और दायित्व का वहन किया है।

उन्होंने दोहराया कि भारत एक शांति प्रिय राष्ट्र है, लेकिन अखण्डता और प्रभु्सत्ता को खतरा पैदा करने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के खतरे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बाला कोट और गलवान में भारत की कार्रवाई सभी अतिक्रमण कर्ताओं को स्पष्ट संकेत है।

अफगान की स्थिति पर सिंह ने कहा कि अफगान घटनाक्रम में हमारे समय की वास्तविकताओँ को उजागर किया है। केन्द्रीय मंत्री ने अफगानिस्तान की स्थिति से सबक लेने पर जोर देते हुए कहा कि इसका असर क्षेत्र में भी महसूस किया जा रहा है।