भ्रष्टाचारी महापौर के नाम पर वोट मांगने डर रही है कांग्रेस: मीनल चौबे
रायपुर। भाजपा की महापौैर प्रत्याशी मीनल चौबे ने कांग्रेस और महापौर पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कल तक जो रायपुर नगर निगम में कांग्रेस पार्टी का ब्रांड चेहरा हुआ करता था, आज वही पूर्व महापौर एजाज ढेबर कांग्रेस प्रत्याशियों के प्रचार से पूरी तरह गायब है।
यह कांग्रेस पार्टी और निगम के महापौर की विफलता का प्रमाण पत्र है उन्होंने कहा यही वजह है कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचारी महापौर के नाम लेकर जनता के बीच जाने से डरी हुई है। पहली बार निगम चुनाव में कोई पार्टी 15 वर्षों तक रहने के बावजूद अपने कार्यों के आधार पर नहीं अपितु भाजपा के घोषणापत्र की नकल के आधार पर वोट मांग रहे हैं यह कांग्रेस की नैतिक हार है। अब बस मतदान और नतीजों की देरी है जिस दिन मतगणना होगी उस दिन चारों तरफ सिर्फ कमल ही कमल खिला दिखेगा। उन्होंने कहा कि मैं आपकी आभारी हूं कि आप सभी निगम में परिवर्तन के लिए भरपूर आशीर्वाद प्रदान कर रहे हैं आपके आशीर्वाद और उत्साह को देख कर प्रतीत होता है कि हम ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रहे हैं।
भाजपा प्रत्याशी मीनल चौबे ने शुक्रवार को जनसंपर्क रैली की शुरुआत रायपुर दक्षिण विधानसभा अंतर्गत भगवती चरण शुक्ल वार्ड से किया। उनके साथ वार्ड के भाजपा प्रत्याशी अमर गिदवानी के साथ ही रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम और दक्षिण विधानसभा के विधायक सुनील सोनी भी उपस्थित थे। वार्ड भ्रमण करते हुए सभी नेताओं ने जनता से रायपुर नगर निगम में भाजपा के निशान कमल फूल पक्ष में मतदान का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों का जनता द्वारा फूलमाला पहनाकर आरती उतार कर स्वागत किया गया भाजपा प्रत्याशियों ने भी सहृदय जनता का अभिवादन स्वीकार किया ।
कांग्रेसी महापौर ने रायपुर को कबाड़ बनाया: बृजमोहन अग्रवाल
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को संसद सत्र और पारिवारिक शोक के पश्चात पूरे दमखम से निगम चुनाव में प्रत्याशी मीनल चौबे और पार्षद प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान का आशीर्वाद मांगने जनता के बीच पहुंचे। भाजपा में अजेय योद्धा कहे जाने वाले बृजमोहन ने आज जनता को संबोधित करते हुए कहा कि इस निगम चुनाव में आपके बीच छोटी बहन मीनल चौबे है। जिन्होंने सदैव एक परिपक्व नेता का परिचय दिया, विपक्ष में लगातार निगम की जनता की मांग उनके द्वारा मजबूती से उठाई गई और उसका निवारण भी करवाया वहीं दूसरी तरफ कांग्रेसी महापौर ने रायपुर नगर निगम को कबाड़ बना कर रख दिया है केंद्र से आबंटित स्मार्ट सिटी के करोड़ों के फंड का खुला बंदर बांट हम सभी ने देखा है पर रायपुर नगर निगम की जनता ने ठाना है अब और नहीं सहेंगे बदल के रहेंगे।