कलेक्टर ने धान खरीदी की तैयारियों का लिया जायजा
डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम चारभांठा, कनेरी, बोरतलाव धान खरीदी केन्द्र का किया निरीक्षण
धान खरीदी शुरू होने से पहले स्थान की
साफ-सफाई करने के दिए निर्देश
राजनांदगांव 21 नवम्बर 2020/ राज्य शासन के निर्देशानुसार एक दिसम्बर से धान खरीदी प्रारंभ हो रही है। इसके लिए सभी धान खरीदी केन्द्र में तैयारियां की जा रही है।
इसी कड़ी में कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा आज धान खरीदी केन्द्र का जायजा लेने डोंगरगढ़ विकासखंड पहुंचे। उन्होंने डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्राम चारभांठा, कनेरी और बोरतलाव के धान खरीदी केन्द्र में किए जा रहे तैयारियों का निरीक्षण किया।
कलेक्टर वर्मा ने धान खरीदी केन्द्र में किसानों की पंजीयन संख्या, धान के रकबे की जानकारी, बारदाने की उपलब्धता, कांटा-बांट के सत्यापन के संबंध में जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि एक दिसम्बर से धान खरीदी की जानी है। धान खरीदी का कार्य ईमानदारी पूर्वक करना है। धान खरीदी के बाद ड्रेनेज बनाकर धान को व्यवस्थित रखा जाए। उन्होंने अन्य राज्यों और कोचियों द्वारा लाए जाने वाले धान पर निगरानी रखने तथा गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यदि बाहर से धान खपाने की जानकारी मिलती है, तो उसे जप्त करने की कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर वर्मा ने धान खरीदी केन्द्र में बनाए जा रहे चबूतरे का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि धान खरीदी प्रारंभ होने से पहले चबूतरे का निर्माण पूरा कर लें। चबूतरा का निर्माण गुणवत्तापूर्ण होनी चाहिए। धान खरीदी केन्द्र में धान खरीदी शुरू होने से पहले स्थान की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी में किसानों को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर एसडीएम डोंगरगढ़ अविनाश भोई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।