ओमिक्रोन वैरिएंट को देखते हुए दिल्‍ली में क्रिसमस और नववर्ष समारोहों पर रोक

पश्चिम बंगाल में अंतर्राष्‍ट्रीय यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश

नई दिल्ली :- दिल्‍ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नए कोविड वैरिएंट ओमिक्रोन के बढते मामलों के मद्देनजर राष्‍ट्रीय राजधानी में क्रिसमस और नववर्ष समारोहों पर रोक लगा दी है।

प्राधिकरण ने इस बारे में जारी आदेश में सभी जिलाधीशों और पुलिस उपायुक्‍तों से कहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान किसी प्रकार का सांस्‍कृतिक कार्यक्रम या अन्‍य आयोजन न हो।

सभी जिलाधीशों को निर्देश दिए गए हैं कि वे ओमिक्रोन वैरिएंट सहित कोरोना संक्रमण के फैलने को रोकने के लिए सभी आवश्‍यक उपाय करें। उन्‍हें यह भी कहा है कि वे अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण कराएं और उन पॉकेटों, कॉलोनियों तथा बाजारों की पहचान करें जहां संक्रमण के फैलने की अधिक आशंका है।

प्राधिकरण ने जिलाधीशों को यह भी निर्देश दिया है कि वे पुलिस उपायुक्‍तों के साथ समन्‍वय से टैस्‍ट, ट्रैक तथा ट्रीट का पालन करें और कंटेनमेंट उपाय करें।

ओमीक्रॉन वैरिएंट के प्रसार को रोकने के लिए, पश्चिम बंगाल सरकार ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हवाईअड्डे पर आगमन पर जांच के बाद जिन यात्रियों में ओमीक्रॉन के लक्षण पाये जायेंगे उन्‍हें इस रोग से संबंधित स्वास्थ्य केन्‍द्रों में रखा जाएगा। ऐसे व्‍यक्तियों को उनके घर में रहने की अनुमति नहीं होगी।

ओमीक्रॉन के अधिक मामलों वाले देश में पिछले 14 दिन बिता चुके जो यात्री बाद में इस रोग से संक्रमित पाये जायेंगे उन्‍हें भी अलग-थलग रखा जाएगा।

संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे यात्रियों के आगमन पर उनके नमूने एकत्र करें और उन्‍हें जीनोम सीक्‍वेंसिंग के लिए कोलकाता के स्कूल ऑफ ट्रॉपिकल मेडिसिन को भेज दें।

संबंधित व्यक्ति कम से कम जीनोम सीक्‍वेंसिंग रिपोर्ट प्राप्त होने तक आइसोलेशन में ही रहेगा। यदि ओमीक्रॉन के लिए रिपोर्ट सकारात्मक आती है, तो व्यक्ति को तब तक छुट्टी नहीं दी जानी चाहिए जब तक कि लगातार दो आरटी-पीसीआर रिपोर्ट 48 घंटे के अंतराल में नकारात्मक न हो जाए।