भारत से आने वाले यात्रियों पर एक वर्ष से अधिक समय से जारी चीनी प्रतिबंध अवैज्ञानिक और अमानवीय- विक्रम मिस्री

नई दिल्ली :- चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने कहा है कि भारत से आने वाले यात्रियों पर एक वर्ष से अधिक समय से जारी चीनी प्रतिबंध अवैज्ञानिक और अमानवीय है। इनमें हजारों विद्यार्थी, व्यापारी और अलग-थलग पड़ गये परिवार शामिल हैं, जो एक वर्ष से अधिक समय से चीन लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मानवीय और कम जटिल मुद्दों पर चीन को संतुलित और संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।

द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा जटिल स्थिति के बारे में पिछले सप्ताह भारतीय और चीनी विचारकों द्वारा आयोजित संवाद में मिस्री ने कहा कि यह विषय केवल राजनीति और कूटनीति का नहीं है, बल्कि पूरी तरह मानवीय है।

उन्होंने कहा कि भारत ने व्यापार और वाणिज्यिक संबंधों को मौजूदा मतभेद से अलग रखने का प्रयास किया है। प्रसार भारती भी लगातार चीनी विश्वविद्यालयों में नामांकित 20 हजार से अधिक भारतीय विद्यार्थियों के वापस चीन लौटने का मुद्दा उठाता रहा है।

ऑनलाइन पढ़ाई, जो व्यावहारिक स्तरीय गुणवत्ता की नहीं है, जारी रखने के लिए भी उन्हें पूरी फीस चुकानी है। विद्यार्थियों को यह भी आशंका है कि उनकी ऑनलाइन डिग्री मान्य होगी या नहीं।