“छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद पर काबू पाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रभावशाली रणनीतियों को मिली प्रशंसा”

नई दिल्ली :  आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में नक्सल प्रभावित राज्यों में जारी नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियानों पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने की, जिसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया।

बैठक का मुख्य फोकस छत्तीसगढ़ के हालिया नक्सल विरोधी ऑपरेशन पर था, जिसमें राज्य की पुलिस ने 31 नक्सलियों को ढेर किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस सफल ऑपरेशन की सराहना करते हुए कहा कि जनवरी से अब तक छत्तीसगढ़ के सुरक्षा बलों ने लगभग 194 नक्सलियों को मुठभेड़ में मारा है और 801 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 742 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने उपस्थित युवा नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने की अपील की और कहा कि विभिन्न राज्यों ने उनके पुनर्वास के लिए बेहतर योजनाएं तैयार की हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस बैठक में नक्सल ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि कैसे राज्य पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने महीनों की मेहनत और रणनीति के बाद इस ऑपरेशन को सफल बनाया। लगभग 1000 जवानों ने 15 किलोमीटर के दायरे में गवाड़ी पहाड़ को घेरकर इस ऑपरेशन में हिस्सा लिया, जिसके परिणामस्वरूप 31 नक्सलियों की मौत हुई, जिनमें कई बड़े नक्सली नेता भी शामिल थे।

सीएम साय ने केवल ऑपरेशन की सफलता पर ही नहीं, बल्कि राज्य में चल रहे विकास कार्यों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों की गति को तेज किया गया है। वे बुनियादी सुविधाओं, जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण, पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में माओवादियों के कोर को तोड़ने के लिए 32 नए सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ सरकार की आगे की योजनाओं का भी उल्लेख किया, जिसमें नक्सलियों के बचे हुए गढ़ों को समाप्त करना और स्थायी शांति एवं विकास सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने बताया कि दक्षिण बस्तर में 29 नए सुरक्षा कैंपों की स्थापना की जाएगी।

अंत में, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से आग्रह किया कि वे छत्तीसगढ़ की खुफिया तकनीकी और समन्वय का उपयोग कर अपने राज्यों में भी सफल ऑपरेशन चला सकते हैं। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ सहित अन्य नक्सल प्रभावित राज्यों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य में विकास कार्यों को गति देने में पूरा सहयोग देगी।