मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अपने गृहग्राम बगिया में मनाएंगे होली, किसानों के प्रति जताया आभार

रायपुर :  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृहग्राम बगिया के लिए रवाना हो रहे हैं, जहां वे अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ होली का पर्व मनाएंगे। उन्होंने इस शुभ अवसर पर सभी प्रदेशवासियों को होलिका दहन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इसे अन्याय और अधर्म पर सत्य एवं भक्ति की विजय का प्रतीक बताया। मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से तमिलनाडु के किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल मिला था। इस मुलाकात के दौरान किसानों ने धान और पान से बनी पारंपरिक माला, रेड बनाना (लाल केला), आम, नारियल के पौधे और कटहल भेंट स्वरूप प्रदान किए, जो भारतीय कृषि संस्कृति में सम्मान और शुभकामनाओं का प्रतीक माना जाता है। किसानों ने मुख्यमंत्री से मिलकर छत्तीसगढ़ सरकार की कृषि हितैषी नीतियों की खुलकर सराहना की और कहा कि राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों ने न केवल किसानों को आत्मनिर्भर बनाया है, बल्कि उनकी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि की है।

आज बगिया जा रहे CM विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस भेंट को अपार सम्मान और स्नेह का प्रतीक बताते हुए किसानों के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार अन्नदाताओं को समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी किसानों के कल्याण के लिए प्रभावी नीतियां लागू की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में देशभर में एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

मुख्यमंत्री साय का यह दौरा न केवल होली पर्व को ग्रामीण परिवेश में अपने परिवार और समुदाय के साथ मनाने का अवसर है, बल्कि यह उनकी किसान हितैषी नीतियों और जमीनी स्तर पर जनता से जुड़े रहने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।