जशपुर में वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, मरीजों से किया आत्मीय संवाद
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर जिले के सलियाटोली में आयोजित वृहद स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में शामिल हुए। यह शिविर प्रखर राष्ट्रभक्त और सनातन गौरव स्वर्गीय कुमार दिलीप सिंह जूदेव जी की जयंती के अवसर पर आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मरीजों से आत्मीय संवाद किया और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है, जिससे हर नागरिक को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
सीएम विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में बताया कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य के बजट में कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज खोलने की स्वीकृति दी गई है। यह मेडिकल कॉलेज स्थानीय युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर खोलेगा और क्षेत्र के लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में मदद करेगा। इससे उन्हें इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें विधायक गोमती साय, रायमुनी भगत, पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री रामप्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, विजय आदित्य सिंह जूदेव, कृष्णा राय, सुनील गुप्ता और जिलाध्यक्ष भरत सिंह सहित कई अन्य महत्वपूर्ण नेता एवं अधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और सरकार की ओर से जनता को उत्तम चिकित्सा सुविधाएं देने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य राज्य के हर नागरिक तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है और इस दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।