मुख्यमंत्री ने 60 से अधिक महिला पत्रकारों को किया सम्मानित
रायपुर। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित महतारी वंदन अभिनंदन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिला पत्रकारों को सम्मानित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं समाज का आधार हैं और छत्तीसगढ़ सरकार उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में उत्कृष्टता की मिसाल प्रस्तुत कर रही हैं, और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि उन्हें हर अवसर पर समान अधिकार और सुरक्षा मिले। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिला पत्रकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि महिला पत्रकारों ने न केवल समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य किया है, बल्कि अपनी निडरता और निष्पक्षता से समाज में सकारात्मक परिवर्तन भी लाए हैं। इस कार्यक्रम में 60 से अधिक महिला पत्रकारों को सम्मानित किया गया, जिनमें रश्मि ड्रोलिया, ज्योति सिंह, मधुमिता पाल, सरिता दुबे और अन्य प्रमुख नाम शामिल थे। मुख्यमंत्री ने महिला पत्रकारों को छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और कहा कि इन योजनाओं के जरिए महिलाएं अपने आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा सकती हैं। कार्यक्रम के दौरान सम्मान स्वरूप महिला पत्रकारों को शॉल, स्मृति चिन्ह और आकर्षक बैग भेंट किए गए। मुख्यमंत्री ने आगामी योजनाओं के बारे में बताया और कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है। मुख्यमंत्री श्री साय ने महिला पत्रकारों और अन्य गणमान्य महिलाओं के साथ संवाद किया और उनके विचारों को सुना।