महाकुंभ में छत्तीसगढ़ की आस्था की गूंज, CM विष्णुदेव साय ने त्रिवेणी संगम में किया पवित्र स्नान

प्रयागराज:  प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाकुंभ सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व है, जहां आस्था अमृत बनकर आत्मा को ब्रह्म से जोड़ती है। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रमुख नेता, सांसद, विधायक और उनके परिवारजन भी संगम स्नान के लिए पहुंचे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ केंद्रीय मंत्री अरुण साव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरणदेव भी मौजूद थे। मंत्रिमंडल के कई सदस्यों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भी महाकुंभ के इस पावन पर्व में भाग लिया। प्रयागराज एयरपोर्ट से संगम स्थल तक जाते समय रास्तेभर भाजपा के मंत्री, विधायक और सांसद भजन गाते हुए धार्मिक वातावरण में लीन रहे।