राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, छत्तीसगढ़ के सहयोग से हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों ने प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्ति तक कोरोना संकट काल में भी स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को बनाए रखा। सुरक्षित टीकाकरण, बुजुर्गों की देखभाल, गंभीर मरीजों को घर पहुँच दवा की उपलब्धता, माताओं के स्वास्थ्य की देखभाल और प्रसव संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने में इन सेंटरों ने महती कार्य किया है।

कोरोना के विरुद्ध जंग में भी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर अग्रिम पंक्ति में खड़े हैं। कोरोना जांच, उपचार, टीकाकरण और सर्विलेंस जैसे मोर्चे पर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर लगातार अच्छा काम कर रहे हैं। भारत सरकार की टीम ने पिछले दिनों हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों का गहन तकनीकी निरीक्षण कर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता की सराहना की थी।