अफगानिस्तान में बदलता समीकरण भारत के लिए चुनौती :रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि अफगानिस्तान में बदलता समीकरण भारत के लिए चुनौती है और वहां पैदा हुई परिस्थितियों ने हमें अपनी कूटनीति पर पुनर्विचार करने पर मजबूर किया है।

ऊटी में वेलिंगटन में डिफेन्स सर्विसेज स्टाफ कॉलेज में राजनाथ सिंह ने कहा कि कूटनीति बदली जाएगी और क्वाड का निर्माण इस रणनीति को रेखांकित करता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षाबलों ने फिर से सिद्ध कर दिया है कि भारत राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी शत्रु का और किसी भी परिस्थिति का सामना करने में सक्षम है।

सिंह ने भारत-चीन सीमा विवाद के समय चीनी सेना के आगे बढ़ने की कोशिश के दौरान भारतीय सेना के समझदारी पूर्ण रवैये की सराहना की। सिंह ने कहा कि भारत ने उत्तर क्षेत्र में भी दुश्मन का नई ताकत के साथ सामना किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार देश के युवाओं को सशस्त्र बलों से जोड़ने के लिए टूर ऑफ ड्यूटी पहल शुरू करने पर गंभीरता से विचार कर रही है।

उन्होंने बताया कि दुश्मन से लड़ने के लिए समेकित लड़ाका दल बनाए जाएंगे। ये दल न सिर्फ जल्‍द निर्णय लेने में मदद करेंगे बल्कि समेकित लड़ाका इकाई की संख्या भी बढ़ाएंगे।