केन्द्र सरकार ने म्युकोरमाइकोसिस के रोगियों को राहत पहुंचाने के लिए फंगल रोधी दवाई एम्फो्टेरीसीन-बी का उत्पादन बढाया

नई दिल्ली :- म्युकोरमाइकोसिस के उपचार के लिए फंगलरोधी दवाई एम्फोटेरीसीनबी की बढ़ती मांग के बीच केन्द्र सरकार ने इस दवा का उत्पादन बढ़ा दिया है। म्युकोरमाइकोसिस को ब्लैक फंगस के नाम से भी जाना जाता है। इससे ज्यादातर मधुमेह रोगी ही प्रभावित होते हैं।

रसायन और उर्वरक राज्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने इस दवाई की आवश्यकता और आपूर्ति की समीक्षा की है। उन्होंने ट्वीटर पर कहा कि सरकार ने एम्फोटेरीसीनबी के घरेलू उत्पादन और आयात को बढ़ाने के लिए विनिर्माताओं के साथ रणनीति बनाई है। उन्होंने कहा कि इस दवा की आपूर्ति कई गुणा बढ़ाई गई है।

मंडाविया ने कहा कि दवा के वितरण और आपूर्ति श्रृंखला के प्रबंधन की सक्षम प्रणाली तैयार की गई है और इसके भंडारण की समस्या भी जल्द से जल्द दूर कर दी जाएगी। उन्होंने राज्यों से आग्रह किया कि दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करते हुए इस दवा का उपयुक्त इस्तेमाल किया जाए।

हाल ही में केन्द्र सरकार ने कोविड मरीजों में फंगल संक्रमण के प्रबंधन के बारे में परामर्श जारी किया है। परामर्श में कहा गया है कि फंगल संक्रमण कोरमाइकोसिस मुख्य रूप से उन लोगों को होता है जो कोविड का उपचार करा रहे हैं और बीमारियों से लड़ने की क्षमता कम हो गई है।