केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सी बी एस ई की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं फरवरी में नहीं होंगी, नई तिथियों की घोषणा शीघ्र
नई दिल्ली :- शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा है कि कोविड-19 महामारी को ध्यान में रखते हुए और विभिन्न परामर्शों के बाद सरकार ने निर्णय लिया है कि बोर्ड की परीक्षाएं फरवरी में आयोजित नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा के लिए अगली तारीख की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

आगामी प्रतियोगिता और बोर्ड परीक्षाओं के बारे में देशभर के अध्यापकों से वर्चुअल माध्यम से संवाद करते हुए पोखरियाल ने यह बात कही।
डॉक्टर निशंक ने कहा कि कक्षा 10 और 12 के लिए केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड- सी बी एस ई की परीक्षाओं को स्थगित करने के लिए विभिन्न विद्यार्थियों और शिक्षकों से पर्याप्त मात्रा में अनुरोध प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केन्द्रित सरकार होने के नाते सरकार ने हमेशा विद्यार्थियों के हित में काम किया है।
नौवीं कक्षा में व्यावसायिक शिक्षा प्रदान करने के बारे में एक सुझाव पर पोखरियाल ने कहा कि तकरीबन आठ हजार पांच सौ 83 सी बी एस ई स्कूल हैं, जो व्यावसायिक शिक्षा देते हैं। उन्होंने बताया कि दो लाख 80 हजार से अधिक माध्यामिक स्कूल करीब चालीस हजार कॉलेज और एक हजार से अधिक विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लागू होने के बाद इंटर्नशिप के साथ व्यावसायिक शिक्षा प्रदान कर सकेंगे।
