मंकीपॉक्‍स रोग के सिलसिले में केन्‍द्र के उच्‍च स्‍तरीय विशेषज्ञ दल का केरल सरकार के अधिकारियों से विचार-विमर्श जारी

केरल :- केरल में, मंकीपॉक्‍स रोग के प्रसार को रोकने के सिलसिले में केन्‍द्र का उच्‍च स्‍तरीय विशेषज्ञ दल कल दूसरे दिन भी राज्‍य सरकार के अधिकारियों से विचार-विमर्श जारी रखे हुए है। बृहस्‍पतिवार को देश में मंकीपॉक्‍स का पहला मामला केरल में सामने आने के बाद केन्‍द्रीय दल राज्‍य के दौरे पर गया है।

इस बीच, राज्‍य सरकार ने सभी जिलों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।

तिरुवनन्‍तपुरम, कोल्‍लम, पत्‍थनमथिट्टा, अलपूझा और कोट्टायम के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है क्‍योंकि कुछ लोगों ने शारजहा से मंगलवार को तिरुवनन्‍तपुरम आयी उड़ान में संक्रमित व्‍यक्ति के साथ यात्रा की थी।

जिस टैक्‍सी में मंकीपॉक्‍स रोग से पीडि़त व्‍यक्ति ने चिकित्‍सा महाविद्यालय तिरुवनन्‍तपुरम तक की यात्रा की थी उस ड्राइवर की भी पहचान कर ली गई है। पीडि़त व्‍यक्ति का इलाज चल रहा है।

संक्रमित व्‍यक्ति के साथ यात्रा कर रहे कोट्टायम के दो व्‍यक्तियों को निगरानी में रखा गया है। शारजहा से आई उड़ान में एक सौ 64 व्‍यक्ति सवार थे और छह चालक दल के सदस्‍य थे।