केंद्र राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त प्रदान कर रहा है

नई दिल्ली :- प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अन्‍तर्गत केंद्र राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सभी लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति प्रति माह पांच किलोग्राम खाद्यान्न मुफ्त प्रदान कर रहा है।

यह एक खाद्य सुरक्षा कल्याण योजना है जिसकी परिकल्पना प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविड महामारी के आर्थिक दुष्‍प्रभावों को कम करने में सहायता प्रदान करने के लिए की थी।

सरकार ने पिछले साल मार्च में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अन्‍तर्गत लगभग 80 करोड़ लाभार्थियों को अतिरिक्त खाद्यान्न मुफ्त में वितरित करने की घोषणा की थी।

प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना पर सरकार करीब दो लाख 60 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। पिछले महीने केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इस योजना को और चार महीने के लिए अगले वर्ष मार्च तक बढाने को मंजूरी दी थी।