ब्रेकिंग : जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में ब्लास्ट, 12 से ज्यादा कर्मचारी झुलसे, दो की मौत

जबलपुर |   मध्यप्रदेश के जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में मंगलवार सुबह भीषण ब्लास्ट हो गया। 12 से ज्यादा कर्मचारी घायल हैं, जबकि एक कर्मचारी लापता है। तीन की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
फैक्ट्री प्रबंधन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। ब्लास्ट फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन के बिल्डिंग नंबर 200 में हुआ है। आयुध निर्माणी खमरिया की जीएम सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। हालांकि अधिकारी अभी मीडिया से कुछ भी जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। कैंट विधानसभा के विधायक अशोक रोहाणी घायलों को देखने के लिए आयुध निर्माणी, खमरिया स्थित अस्पताल पहुंचे।

ब्लास्ट में घायल कर्मचारियों को ओएफके अस्पताल में भर्ती किया गया है।

जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री के एफ-6 सेक्शन में बम फिलिंग का काम चल रहा था। इसी दौरान हाइड्रोलिक सिस्टम में अचानक ही ब्लास्ट हो गया। धमाका इतना तेज था कि 5 किलोमीटर तक आवाज सुनाई दी। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को ओएफके अस्पताल ले जाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर कर्मचारी रणधीर, श्यामलाल और चंदन को निजी अस्पताल रेफर किया गया। ब्लास्ट कैसे हुआ और किसकी लापरवाही थी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

ब्लास्ट के बाद आयुध निर्माणी खमरिया से लगे करीब 5 किलोमीटर के क्षेत्र में ऐसा लगा जैसे कि भूकंप आ गया हो। लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। मानेगांव, चंपानगर, नानक नगर में रहने वाले लोगों ने भी ब्लास्ट की आवाज सुनी। मानेगांव में रहने वाले मनोज थरेजा का कहना है कि पहले ऐसा लगा कि जोरदार भूकंप आ गया हो, इसके बाद पता चला कि फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ है।

बता दें कि जबलपुर में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय की एक बड़ी फैक्ट्री है, जिसे ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया के नाम से जाना जाता है। इस फैक्ट्री में सेना के उपयोग में आने वाले कई हथियार बनाए जाते हैं। यहीं पर लड़ाकू विमान के लिए और युद्ध टैंकों के लिए बम बनाए जाते हैं। इन बमों को बनाने में बम की खाली सेल के अंदर बारूद भरनी होती है और इस बारूद में जरा से घर्षण में ही आग लग जाती है और ब्लास्ट हो जाता है।