बिलासपुर। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत किराए के मकान में रह रही एक ब्यूटीशियन की लाश बंद कमरे में फंदे से लटकती मिली है। मृतिका का नाम प्रियंका नायक हैं और वह यहां अपने बॉयफ्रेंड के साथ लिव इन में रह रही थी।
वहीं मामले में प्रियंका के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में प्रियंका के बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार,कोरबा के रजगामार की रहने वाली बबली उर्फ प्रियंका नायक (22) ने बारहवीं तक पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने ब्यूटीशियन की ट्रेनिंग की थी। उसके पिता शरद नायक SECL में काम करते हैं।
युवती बिलासपुर में मंगला के गंगानगर में सविता दुबे के मकान में किराए पर रहती थी। वह 36 मॉल के पार्लर में ब्यूटीशियन का काम करती थी। उसके साथ मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के टिकारी का रहने वाला युवक भी काम करता था और दोनों एक ही मकान में रहते थे। सूरज ने मकान मालकिन को बताया था कि वो यहां पर अपनी पत्नी के साथ रहेगा, इसी वजह से उन्हें कमरा भी दिया गया था।
मंगलवार को कमरे से बदबू आने लगी तो अंदर देखने पर युवती की लाश फंदे पर लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील कर दिया और परिजन को बुलाया |
मृतिका के बॉयफ्रेंड सूरज ने पुलिस को बताया है कि प्रियंका के उसके एक्स बॉयफ्रेंड से विवाद चल रहा था। सोमवार रात को सभी मिलकर पार्टी किए इसके बाद सूरज अपने दोस्तों को छोड़ने चला गया । फिर वापस आया तो कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद वह बगल के कमरे में सोने चला गया था। पुलिस सूरज के बयान से संतुष्ट नहीं हुए तो हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने लगे। फिलहाल मृतिका के बॉयफ्रेंड से पूछताछ जारी है।