विजय चौक पर आज बीटिंग रिट्रीट का आयोजन होगा
नई दिल्ली: नई दिल्ली में ऐतिहासिक विजय चौक पर आज बीटिंग रिट्रीट का आयोजन होगा। इसके साथ ही चार दिन से चल रहे गणतंत्र दिवस समारोह का समापन हो जाएगा।
इस अवसर पर शास्त्रीय रागों पर आधारित भारतीय धुनें बजाई जाएंगी। थल सेना, नौ सेना, वायु सेना, राज्य पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के म्यूजिक बैंड 29 लोकप्रिय धुनें बजाएंगे।
समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उपस्थित रहेंगे। इस बार के बीटिंग रिट्रीट में देश का सबसे बड़ा ड्रोन शो भी होगा जिसमें साढ़े तीन हजार स्वदेशी ड्रोन शामिल होंगे। इन ड्रोन की मौजूदगी से रायसिना हिल्स जगमगा उठेगा। ये ड्रोन महान हस्तियों की आकृतियां भी बनाएंगे और देश में स्टार्टअप की सफलता, युवा शक्ति की तकनीकी क्षमता और भविष्योन्मुखी प्रवृत्तियों को दर्शाएंगे।
समारोह का आयोजन बोटलैब्स डायानेमिक्स ने किया है। पहली बार, बीटिंग रीट्रीट में थ्री-डी की झलक भी मिलेगी। समारोह की शुरूआत अग्निवीर धुन के साथ होगी और इसके बाद अल्मोड़ा, केदारनाथ, संगम धुर, महारानी सतपुरा, भागीरथी और कोंकण सुदंरी की चर्चित धुनें प्रस्तुत की जाएंगी।
वायु सेना का बैंड चरखा, वायु शक्ति और स्वदेशी की धुनें बजाएगा। नौसेना के बैंड एकला चलो रे, हम तैयार हैं और जय भारती की धुन प्रस्तुत करेंगे। थल सेना के बैंड शंखनाद, शेर-ए-जवान, कदम-कदम बढ़ाए जा और ऐ मेरे वतन के लोगों की धुनें बजाएंगे। कार्यक्रम का समापन सारे जहां से अच्छा की लोकप्रिय धुन से होगा।
