बीसीसीआई की चयन समिति ने आगामी आईसीसी अंडर-19 विश्वकप 2022 के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की
नई दिल्ली :- भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड – बीसीसीआई की अखिल भारतीय जूनियर चयन समिति ने आगामी आईसीसी अंडर-19 विश्वकप 2022 के लिए 17 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा की है।
अंडर-19 विश्वकप के 14वें संस्करण का आयोजन 14 जनवरी से 5 फरवरी, 2022 तक वेस्टइंडीज में किया जाएगा। इस संस्करण में 16 टीमें होंगी, जिन्हें, चार समूहों में विभाजित किया गया है। टीम इंडिया 2000, 2008, 2012 तथा 2018 में चार खिताब जीत चुकी है और 2016 तथा 2020 में दूसरे स्थान पर रही है। टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका, आयरलैंड तथा यूगांडा के साथ ग्रुप-बी में थी।
भारतीय टीम का नेतृत्व दिल्ली के यश ढल करेंगे। इससे पहले एसीसी अंडर-19 एशिया कप के लिए टीम इंडिया के कप्तान के रूप में इनके नाम की घोषणा की गई थी।
टीम के अन्य खिलाड़ी हारनूर सिंह, अंगकृष रघुवंशी, उप-कप्तान एस.के. राशिद, निशांत सिंधू, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, विकेट कीपर दिनेश बाना, विकेट कीपर आराध्या यादव, राज अंगद बावा, मानव परख, कौशल तांबे, आर.एस. हंगारगेकर, वासु वत्स, विक्की ओस्टवाल, रविकुमार और गर्व संगवान।
अतिरिक्त खिलाड़ी ऋषि रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाई, अमृत राज उपाध्याय और पीएम सिंह राठौर हैं।
