रायपुर सेंट्रल जेल में आत्महत्या की कोशिश, कैदी ने गला काटकर दी जान देने की धमकी, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
रायपुर: रायपुर सेंट्रल जेल से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां एक कैदी ने जेल के अंदर आत्महत्या करने की कोशिश की। जेल परिसर के भीतर ही कैदी ने धारदार वस्तु से अपना गला काट लिया, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घायल कैदी को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उसकी जान बचाने का प्रयास कर रही है।
इस घटना से ठीक एक दिन पहले ही जेल में बंद एक नाइजीरियन कैदी ने खुदकुशी कर ली थी। मृतक कैदी की पहचान पैट्रिक के रूप में हुई थी, जो अफ्रीकी मूल का नागरिक था और वर्ष 2021 से ड्रग्स तस्करी के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था। बैरक के अंदर आत्महत्या की इस घटना के बाद जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
कैदी द्वारा आत्महत्या की कोशिश की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस के साथ ही न्यायिक मजिस्ट्रेट भी मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्यवाही शुरू कर दी गई। फिलहाल पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि कैदी ने यह कदम क्यों उठाया और जेल प्रशासन की इसमें क्या भूमिका रही।
इस घटना के बाद जेल प्रशासन की लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आखिरकार जेल में बंद कैदी के पास धारदार वस्तु कैसे पहुंची? क्या जेल के भीतर सुरक्षा मानकों का सही से पालन नहीं किया जा रहा? इन सभी सवालों को लेकर अब जांच तेज कर दी गई है।
जेल प्रशासन ने इस घटना के बाद पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी है, और अब यह देखने वाली बात होगी कि इस मामले में कौन-कौन जिम्मेदार पाया जाता है। फिलहाल घायल कैदी की स्थिति गंभीर बनी हुई है, और डॉक्टर उसकी जान बचाने में जुटे हुए हैं।
