राष्‍ट्रपति चुनाव के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा, मतदान 18 जुलाई को

नई दिल्ली :- निर्वाचन आयोग ने आज देश के 16वें राष्ट्रपति के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने नई दिल्ली में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए कहा कि मतदान 18 जुलाई को होगा। मतगणना 21 जुलाई को होगी। चुनाव की अधिसूचना 15 जून को जारी होगी। 29 जून तक नामांकन पत्र भरे जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 30 जून को की जाएगी। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

कुमार ने कहा कि राष्‍ट्रपति का चुनाव संविधान के अनुसार आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के अनुसार गुप्त मतदान द्वारा होगा। उन्‍होंने कहा कि आयोग स्‍वतंत्र और निष्‍पक्ष चुनाव सुनिश्‍चित करने के लिए सभी आवश्‍यक उपाय कर रहा है।

लोकसभा, राज्‍यसभा और राज्‍य विधानसभाओं के सदस्‍यों का निर्वाचक मंडल राष्ट्रपति का चुनाव करता है। निर्वाचक मंडल में दिल्‍ली और पुद्दुचेरी विधानसभा के सदस्‍य भी शामिल हैं।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि राज्‍यसभा के महासचिव राष्‍ट्रपति चुनाव के पीठासीन अधिकारी होंगे। सात सौ 76 संसद सदस्‍यों और विधानसभाओं के चार हजार 33 सदस्यों सहित चार हजार आठ सौ नौ निर्वाचक राष्‍ट्रपति का चुनाव करेंगे। कुमार ने कहा कि मतदान और मतगणना के दिन सभी कोविड दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।