शेयर बाजार में तोड़े सारे रिकॉर्ड, अचानक सेंसेक्स 1500 अंक उछाल….
नई दिल्ली | शेयर बाजार में गुरुवार को अचानक तूफानी तेजी देखने को मिली और सेंसेक्स – निफ्टी सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ते हुए नए हाई लेवल पर पहुंच गए. मार्केट क्लोज होने के ठीक आधे घंटे पहले बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1500 अंक उछलते हुए 83000 के पार निकल गया, तो वहीं एनएसई का निफ्टी 500 अंक उछलकर 25,429 के नए ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया.इस बीच एचडीएफसी बैंक, हिंडाल्को और भारती एयरटेल के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी आई, जिन्होंने मार्केट को सपोर्ट किया और ये जोरदार तेजी देखने को मिली. इस बीच निफ्टी 50 के सभी 50 शेयरों में तेजी दर्ज की गई |
मार्केट बंद होने से ऐन पहले रचा इतिहास
ग्लोबल मार्केट में पॉजिटिव संकेतों का असर गुरुवार को सुबह शेयर पर देखने को मिला था और इसकी दमदार शुरुआत हुई है | बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 400 अंक उछलकर खुला था, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी भी 100 अंक से ज्यादा की तेजी के साथ ओपन हुआ था. वहीं दोपहर 3 बजकर 10 मिनट तक यानी मार्केट क्लोज होने से 20 मिनट पहले ही अचानक सेंसेक्स और निफ्टी में ऐसा उछाल आया कि सारे रिकॉर्ड टूट गए और बाजार ने नया इतिहास रच दिया. एक ओर जहां इतिहास में पहली बार सेंसेक्स ने 83,000 का आंकड़ा पार कर लिया, तो वहीं निफ्टी 25,400 के पार निकल गया.
