सारंगढ़ में मामूली विवाद बना जानलेवा, युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस ने चार आरोपी किए गिरफ्तार
सारंगढ़-बिलाईगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़ में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना सूर्या बेकरी के सामने हुई, जहां प्लास्टिक जलाने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी कृष्णा राजपूत और उसके साथियों ने बेकरी में काम करने वाले मुखलाल मांझी के सीने में गोली दाग दी।
गंभीर रूप से घायल मुखलाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार जुटी हुई है।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से एक कार और मैगजीन बरामद हुई है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी कृष्णा राजपूत पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीन महीने पहले सिंघनपुर के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री और कलेक्टर से उसकी अवैध गतिविधियों की शिकायत की थी, जिसमें उसे बंदूक की नोक पर रेत खनन करते हुए देखा गया था। बावजूद इसके, कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उसके हौसले बुलंद हो गए थे।
पुलिस अब कृष्णा राजपूत की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और इस हत्याकांड में और भी साजिशकर्ताओं की संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।