नए संसद भवन के उद्घाटन पर जारी होगा 75 रुपये का सिक्का, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन

नई दिल्ली : 28 मई को नए संसद भवन का उद्घाटन होने वाला है। इस मौके को यादगार बनाने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने एक बड़ा फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार (25 मई) को एलान किया कि नए संसद भवन के उद्घाटन को यादगार बनाने के लिए 75 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया जाएगा।

75 रुपये का ये स्मारक सिक्का चार धातुओं को मिलाकर बनाया जाएगा। जिसमें 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी तांबा, 5 फीसदी निकल और 5 फीसदी जिंक का इस्तेमाल किया जाएगा। नए संसद भवन की तस्वीर के नीचे 2023 भी लिखा होगा। सिक्के के सामने वाले हिस्से के बीच में अशोक स्तंभ का सिंह और सत्यमेव जयते लिखा होगा।

सिक्के पर देवनागरी लिपि में भारत और अंग्रेजी में इंडिया लिखा होगा। पीछे के हिस्से में ऊपरी परिधि में देवनागरी लिपि में संसद भवन और निचली परिधि में अंग्रेजी में संसद भवन लिखा होगा। सिक्के का डिजाइन संविधान के पहली अनुसूची में दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार ही होगा।