अनियमित कर्मचारियों को नियमित करें और बेरोज़गार युवाओं को भत्ता दें सरकार: आम आदमी पार्टी

रायपुर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता तेजेंद्र तोड़ेकार,प्रदेश अध्यक्ष कर्मचारी विंग विजय झा, प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा और प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी आदि द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यह सरकार अनियमित कर्मचारियों और बेरोज़गार युवाओं के साथ खुला धोखा कर रही है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करने वाली सरकार अब पूरी तरह अपनी जिम्मेदारियों से भागती नजर आ रही है।

पार्टी के नेताओं ने कहा कि प्रदेश में 7 लाख 30 हजार से अधिक अनियमित कर्मचारी हैं जो कि सालों से खून-पसीना बहा रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें नियमित करने के बजाय सिर्फ झूठे आश्वासन देकर उनका शोषण कर रही है। यह सरकार कर्मचारियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और उन्हें असुरक्षा की खाई में धकेल रही है। कम मानदेय वाले कर्मचारियों को 4000 रुपए मासिक विशेष भत्ता देने का प्रावधान किया गया था, उसे भी नहीं दिया जा रहा है। अनियमित कर्मचारियों को नियमित कर्मचारियों से आधे से भी कम वेतन देने का प्रावधान न्यूनतम वेतन अधिनियम 1948 एवं संविदा नियम 2012 के तहत है परंतु न्यूनतम वेतन का पुनरीक्षण 2017 से एवं संविदा वेतन अगस्त 2023 के बाद वृद्धि नहीं की गई है जिससे अनियमित कर्मचारियों के परिवारों के भरण पोषण नहीं हो पाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है लेकिन इस मामले में सरकार निरंकुश बनी हुई है। भाजपा ने सरकार बनने पर 100 दिन में नियमितीकरण का वादा किया था, ये सरकार सिर्फ और सिर्फ झूठ के सहारे चल रही है।
आम आदमी पार्टी ने बेरोज़गारी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश में बेरोज़गारी चरम पर है, लेकिन सरकार न तो रोजगार दे पा रही है और न ही बेरोज़गारी भत्ता देने की अपनी घोषणा पर कायम है। यह सीधा-सीधा युवाओं के साथ विश्वासघात है। सरकारी वेबसाइट से प्राप्त आंकड़े के अनुसार वर्तमान में प्रदेश के विभिन्न रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या 14 लाख 62 हजार से भी अधिक है। लगभग 2 लाख बेरोजगार हर साल बढ़ रहे हैं। वहीं सरकारी विभागों में भर्ती नहीं होने से निराश लाखों बेरोजगारों ने पंजीयन कराने से ही मुंह मोड़ लिया है। प्रदेश में 16 लाख 62 हजार पंजीकृत बेरोजगार हैं, जिसमें से 1.29 लाख लोगों ने बेरोजगारी भत्ता योजना में पंजीयन कराया था। और अंतिम बार अगस्त-2023 में योजना की किस्त जारी की थी लेकिन इसके बाद दोनों कांग्रेस और भाजपा सरकारों ने बेरोजगारों को अनदेखा करते हुए यह योजना बंद कर दी है। वाकई बेरोजगारों के साथ सरकार खिलवाड़ कर रही है।
पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि:
सभी पात्र अनियमित कर्मचारियों को तत्काल नियमित किया जाए।
बेरोज़गार युवाओं के लिए सम्मानजनक बेरोज़गारी भत्ता तुरंत लागू किया जाए।
बेरोजगार युवाओं को जल्दी सरकारी नौकरी में रोजगार दिया जाए।
भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार और देरी पर तुरंत रोक लगाई जाए।
बेरोज़गारी भत्ता को लेकर हस्ताक्षर अभियान 1 अगस्त से :
आम आदमी पार्टी यूथ विंग द्वारा बेरोज़गारी भत्ते की मांग को लेकर 1 अगस्त से हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके अलावा यूथ विंग प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ मिलकर नियमितीकरण की मांग तेज करेगी और अलग-अलग तरह से आंदोलन चलाएगी।