पोंडी उपरोड़ा में प्रशासनिक फेरबदल से नाराजगी, सुशासन तिहार का बहिष्कार
कोरबा जिले के जनपद पंचायत पोंडी उपरोड़ा में प्रशासनिक फेरबदल के बाद बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी कोरबा द्वारा जारी आदेश में जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जय प्रकाश डड़सेना को जिला पंचायत कोरबा में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि उनके स्थान पर भूपेन्द्र कुमार सोनवानी को पोंडी उपरोड़ा जनपद पंचायत का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस फैसले के बाद जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए सुशासन तिहार का बहिष्कार कर दिया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि पूर्व सीईओ ईमानदार और विकास कार्यों को गति देने वाले अधिकारी थे, जिनके हटने से क्षेत्र के विकास पर असर पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि आदेश वापस नहीं लिया गया तो तालाबंदी और अनिश्चितकालीन धरना जैसे आंदोलन किए जाएंगे।
