किराना दुकान के गोडाउन में लगी भीषण आग
बलौदाबाजार शहर के लवन रोड स्थित दीपल ट्रेडर्स के किराना गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में तेल और घी के पीपे रखे होने की वजह से आग तेजी से फैली और करोड़ों रुपए का किराना सामान जलकर राख हो गया। घटना रात करीब 3 बजे सामने आई, जबकि दुकान मालिक विकास आरतानी रात 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। आग बुझाने के लिए लगभग दस दमकल गाड़ियां लगातार प्रयास कर रही थीं और आसपास के सीमेंट संयंत्रों तथा रायपुर से अतिरिक्त फायर ब्रिगेड की मदद ली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और ज्वलनशील सामान होने की वजह से यह भयावह रूप ले गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग का धुआं काफी दूर से देखा जा सकता था।
