पीएफ का पैसा निकालने मांगी रिश्वत, क्लर्क रंगे हाथों पकड़ाया

कोरबा। पीएफ का पैसा निकालने के लिए खदान कर्मी से रिश्वत मांगने वाले एसईसीएल कुसमुंडा के सीएमपीएफ विभाग में कार्यरत क्लर्क को सीबीआई की टीम ने आज रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इससे कार्यालय में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खदान कर्मी ने पीएफ का पैसा निकालने के लिए सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक से संपर्क किया था। क्लर्क ने पैसा निकालने के लिए कई बार चक्कर लगवाए और आखिर में उसने रिश्वत की मांग की। इसकी जानकारी खदान कर्मी ने सीबीआई को दी। इसकी पड़ताल करने के बाद सीबीआई ने रिश्वत मांगने वाले मनोहर लाल कौशिक को पकड़ने की योजना बनाई। इसके लिए भिलाई से दो गाड़ियों में सीबीआई की टीम कुसमुंडा पहुंची और योजना केअनुसार रिश्वत लेने वाले मनोहर लाल कौशिक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।