CHHATTISGARHCITY

पलामू में पुलिस एनकाउंटर में ढेर हुआ झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साव, हथियार लूटकर भागने की कोशिश में मारा गया

रायपुर/झारखंड:   झारखंड का कुख्यात गैंगस्टर अमन साव पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। अमन साव को राजधानी रायपुर के तेलीबांधा इलाके में एक व्यापारी पर गोली चलाने के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह रायपुर की जेल में बंद था। हाल ही में झारखंड के हजारीबाग में एनटीपीसी अधिकारी की हत्या के मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद, रांची पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर से झारखंड ले जा रही थी।

इसी दौरान पलामू के चैनपुर इलाके में अमन साव के गिरोह ने पुलिस काफिले पर बम से हमला कर दिया, जिससे भारी अफरातफरी मच गई। इस हमले का फायदा उठाकर अमन साव ने मौके पर मौजूद एसटीएफ जवान से इंसास राइफल छीन ली और भागने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत उसकी घेराबंदी की, लेकिन अमन के गुर्गों ने दोबारा पुलिस पर हमला कर दिया, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गई।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन साव ढेर हो गया। इस दौरान पुलिस ने उसके कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि कुछ फरार हो गए। अमन साव झारखंड और छत्तीसगढ़ में कई संगीन अपराधों में वांछित था और उसके खिलाफ हत्या, लूट, फिरौती और गैंगवार के कई मामले दर्ज थे। उसके मारे जाने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उसके नेटवर्क और फरार गुर्गों की तलाश में जुट गई हैं।