NATIONALPOLITICAL

महिला सशक्तिकरण की नई उड़ान: पीएम मोदी ने नवसारी में लखपति दीदी योजना के तहत 450 करोड़ रुपये वितरित किए

 नवसारी :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर गुजरात के नवसारी जिले में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में “लखपति दीदी” योजना के तहत 2.5 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाओं को 450 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता वितरित की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर अपने विचार साझा किए और सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं, जिनमें उज्ज्वला योजना, मातृत्व अवकाश में वृद्धि, महिलाओं के बैंक खाते खोलने जैसी योजनाएं शामिल हैं।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, “मेरी जिंदगी के अकाउंट में करोड़ों माताओं-बहनों का आशीर्वाद है, मैं दुनिया का सबसे धनवान व्यक्ति हूं। माताओं-बहनों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ताकत है, मेरी पूंजी है और मेरा सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। नारी का सम्मान विकसित भारत की पहली सीढ़ी है।” उन्होंने कहा कि सरकार ने महिलाओं को गरिमा और सुरक्षा प्रदान करने के लिए कई योजनाएं लागू की हैं। “हमने महिलाओं को शौचालय (इज्जत घर) देकर उनका सम्मान बढ़ाया, उनके बैंक खाते खोलकर आर्थिक सशक्तिकरण किया और उज्ज्वला योजना के जरिए उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की।” प्रधानमंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि मातृत्व अवकाश को 12 हफ्ते से बढ़ाकर 26 हफ्ते किया गया, जिससे कामकाजी महिलाओं को लाभ हुआ है।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने मुस्लिम महिलाओं के सशक्तिकरण का भी जिक्र किया और कहा कि मुस्लिम महिला (शादी में सुरक्षा का अधिकार) कानून, 2019 के जरिए तीन तलाक की प्रथा को समाप्त कर महिलाओं को न्याय दिलाया गया। साथ ही, उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने के बाद कश्मीर में महिलाओं को समान अधिकार मिलने की बात भी कही। पीएम मोदी ने यह भी बताया कि आज गुजरात में ‘गुजरात सफल’ और ‘गुजरात मैत्री’ नामक दो नई योजनाओं का शुभारंभ किया गया है, जिससे महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता मिलेगी और वे आत्मनिर्भर बनेंगी।

नवसारी के वानसी-बोरसी में आयोजित इस कार्यक्रम में सुरक्षा की सभी जिम्मेदारियां महिला पुलिसकर्मियों को सौंपी गई थीं, जो महिला सशक्तिकरण का एक ऐतिहासिक उदाहरण बना। कार्यक्रम में कुल 2,165 महिला कांस्टेबल, 187 महिला इंस्पेक्टर, 61 महिला सब-इंस्पेक्टर, 19 डीएसपी, 5 एसपी, 1 पुलिस महानिरीक्षक और 1 अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक रैंक की अधिकारी तैनात थीं। सरकारी सूत्रों ने इसे पुलिसिंग के क्षेत्र में एक नया मील का पत्थर करार दिया, क्योंकि कानून-व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी महिलाओं ने संभाली।

इसके अलावा, पीएम मोदी ने इस दौरे के दौरान गुजरात को 2,587 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी दी। उन्होंने सिलवासा में 450 बिस्तरों वाले ‘नमो अस्पताल’ का उद्घाटन किया और सायली स्टेडियम से 62 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। कार्यक्रम के समापन से पहले पीएम मोदी ने नवसारी में एक भव्य रोड शो भी किया, जहां हजारों की संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया।