उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस के दावों पर कसा तंज, पंचायत चुनाव में जीत को लेकर किया बड़ा दावा
रायपुर : छत्तीसगढ़ में जारी पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस की ओर से अधिकांश सीटों पर जीत के दावे किए जा रहे हैं, जिस पर राज्य के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसते हुए कहा कि यह चुनाव गैर-दलीय आधार पर हो रहा है और कांग्रेस यदि खुश होना चाहती है तो उसे खुश होने दिया जाए। लेकिन वास्तविकता कुछ और है, जो आने वाले जिला और जनपद पंचायत चुनावों में साफ हो जाएगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान अरुण साव ने नगरीय निकाय चुनाव के नतीजों का हवाला देते हुए कहा कि जिस तरह वहां भाजपा को बहुमत मिला, उसी प्रकार पंचायत चुनावों में भी भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत हो रही है। उन्होंने कांग्रेस के दावों को खारिज करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर भाजपा की स्थिति मजबूत है और जनता का झुकाव स्पष्ट रूप से भाजपा की ओर दिखाई दे रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव के दिल्ली दौरे को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस में पिछले डेढ़ सालों से नेतृत्व परिवर्तन की चर्चा हो रही है, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस में असमंजस की स्थिति बनी हुई है और पार्टी लगातार सियासी अस्थिरता से गुजर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर शून्य की ओर बढ़ रही है।
निकाय चुनावों के नतीजों और आगे की प्रक्रिया पर बात करते हुए अरुण साव ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होने के बाद नगर निगम में 15 दिनों के भीतर शपथ ग्रहण और सभापति का चुनाव होगा। वहीं, नगर पंचायतों में शपथ ग्रहण की प्रक्रिया 30 दिनों के भीतर पूरी की जाएगी। इसके बाद महापौर और अन्य पदों पर एमआईसी (मिनिस्टर इन काउंसिल) का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा सरकार नगर निकायों में सुचारू प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
राज्य में पंचायत चुनावों के नतीजे जैसे-जैसे सामने आ रहे हैं, भाजपा और कांग्रेस दोनों अपनी-अपनी जीत के दावे कर रहे हैं। लेकिन उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वास्तविकता बहुत जल्द सबके सामने आ जाएगी और कांग्रेस के झूठे दावों की पोल खुल जाएगी।