वैलेंटाइन डे पर प्रेमी के धोखे से आहत युवती ने कुएं में कूदकर दी जान, शादी से इनकार बना दर्दनाक हादसे की वजह
झारखंड: झारखंड के कोडरमा जिले से वैलेंटाइन डे के दिन एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया। जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरिया गांव की रहने वाली 18 वर्षीय युवती रूबी कुमारी ने प्रेमी के शादी से इनकार करने पर कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से उसके परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
रूबी, जो 11वीं की छात्रा थी, अपने ननिहाल डोमचांच में रहकर पढ़ाई कर रही थी। उसके परिवारवालों के अनुसार, उसका गांव के ही युवक सूरज कुमार से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते की जानकारी पिछले वर्ष उस समय सामने आई थी, जब रूबी के माता-पिता ने उसकी शादी गिरिडीह जिले के एक लड़के के साथ तय कर दी थी। लेकिन, जब सूरज को इस बात की जानकारी मिली, तो उसने लड़के के घरवालों को फोन कर बताया कि वह रूबी से प्रेम करता है। इसके चलते रूबी का रिश्ता टूट गया था।
रिश्ता टूटने के बाद गांव में पंचायत बैठी, जिसमें सूरज कुमार ने रूबी से प्रेम संबंध स्वीकारते हुए उससे शादी करने की बात कही। दोनों परिवारों की सहमति के बाद अप्रैल महीने में शादी की तारीख तय कर दी गई और विवाह की तैयारियां भी शुरू हो गई थीं। लेकिन, वैलेंटाइन डे के दिन सूरज ने अचानक रूबी को फोन कर शादी से इनकार कर दिया। यह सुनते ही रूबी गहरे सदमे में चली गई और उसने कुएं में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत रूबी को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रूबी के परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है और पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस आत्महत्या के पीछे के सभी कारणों को गहराई से समझने का प्रयास कर रही है।