महाकुंभ 2025: छत्तीसगढ़ सरकार का पुण्य स्नान, राज्यपाल, मुख्यमंत्री विधानसभा अध्यक्ष ने लगाई डुबकी

रायपुर| प्रयागराज महाकुंभ 2025 के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने तमाम सांसदों और विधायकों के साथ आस्था की डुबकी लगाई। राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों ने गुरुवार को तीर्थराज प्रयाग के त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
राज्यपाल रमेन डेका ने इस अवसर पर कहा कि सनातन के इस महापर्व के अवसर पर डुबकी लगाना परम सौभाग्य की बात है। ऐसे पुण्य क्षणों का लाभ लेना अत्यंत सुखद एवं मन को शांति प्रदान करने वाला होता है। इस दौरान उनके परिजन भी साथ थे।
मुख्यमंत्री साय ने महाकुंभ को सनातन धर्म की दिव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जा का महापर्व बताते हुए कहा कि यह भारतीय संस्कृति की अनंत शक्ति और सनातन परंपराओं की जीवंतता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 144 वर्षों बाद आयोजित यह विराट महाकुंभ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि भारत की सनातन लोकतांत्रिक परंपराओं को जानने, समझने और आत्मसात करने का अनुपम अवसर भी है।
छत्तीसगढ़ सरकार के सभी लोगों के साथ प्रदेश भाजपा के प्रमुख पदाधिकारी भी साथ थे। सभी मंगलवार सुबह प्रयागराज के लिए रवाना हुए। एयरपोर्ट से सभी 5 इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से संगम तट के लिए पहुंचे। अरेल घाट पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री साय एवं अन्य गणमान्यजन मोटरबोट से त्रिवेणी संगम पहुंचे और धार्मिक विधि-विधान के अनुसार मां गंगा, यमुना एवं अदृश्य सरस्वती के संगम में आस्था की डुबकी लगाई और प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का व्यवस्थाओं के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालुओं ने भी इस दिव्य आयोजन और उसकी व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रयाग महाकुंभ में त्रिवेणी स्नान और गंगा पूजन कर सनातन संस्कृति की महानता और हमारी परंपराओं की विशालता को अनुभव किया। 144 वर्षों बाद आया यह महाकुंभ एक अलौकिक अनुभव है और हम सभी को इस पावन अवसर पर त्रिवेणी स्नान का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इस दौरान उनके परिजनों ने भी पवित्र संगम में डुबकी लगाई।