छत्तीसगढ़ निकाय चुनाव: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का बड़ा दावा, भाजपा की प्रचंड जीत तय, जनता विकास के समर्थन में करेगी मतदान

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के बाद अब त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया है कि भाजपा इन चुनावों में प्रचंड जीत दर्ज करेगी। तीन चरणों में होने वाले इन चुनावों में 433 जिला पंचायत, 2973 जनपद पंचायत, 11,671 सरपंच और 1,60,161 पंच पदों के लिए मतदान होगा, जिसमें 2.92 लाख से अधिक प्रत्याशी मैदान में हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान और 18, 21 और 24 फरवरी को मतगणना की तिथियां तय की हैं। प्रत्याशियों को ग्रामीण परिवेश के अनुसार चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए हैं, जैसे कि दो पत्ती, छाता, हल, गाड़ी, बेलन आदि।

भाजपा सरकार की विकास योजनाओं से उत्साहित मुख्यमंत्री ने दावा किया कि जनता का समर्थन उनकी पार्टी को मिलेगा, जबकि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल भी चुनावी मैदान में मजबूती से उतर चुके हैं। ग्रामीण इलाकों में प्रचार जोरों पर है, जिससे मुकाबला दिलचस्प हो गया है। इन चुनावों के परिणाम स्थानीय प्रशासन और ग्रामीण विकास की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगे।