मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय बजट को सराहा, कहा- यह हर नागरिक के सपनों को पूरा करने वाला बजट

 रायपुर :  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय आम बजट 2025 की सराहना करते हुए इसे देश के हर नागरिक के सपनों को साकार करने वाला बजट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नीतियों का प्रमाण है, जिससे देश के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी पूरी टीम को बधाई और धन्यवाद दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट विशेष रूप से मध्यम वर्ग के लिए राहत लेकर आया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान 2 लाख रुपये की वार्षिक आय पर भी टैक्स देना पड़ता था, लेकिन अब मोदी सरकार ने इसे बढ़ाकर 12 लाख रुपये तक की आय को टैक्स छूट के दायरे में लाकर बड़ी राहत दी है। इससे मध्यम वर्ग की क्रय शक्ति बढ़ेगी, जो देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूती प्रदान करेगा।

इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में की गई घोषणाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह बजट किसानों के लिए वरदान साबित होगा, क्योंकि इसमें कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए कई अहम योजनाओं की घोषणा की गई है। केंद्र सरकार द्वारा कृषि और ग्रामीण विकास के लिए आवंटित बजट से किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और वित्तीय सहायता का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी।

मुख्यमंत्री साय ने बजट को गरीबों, किसानों, युवाओं और उद्यमियों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा उन लोगों का ख्याल रखा है, जिनका पहले कोई ध्यान नहीं रखता था। इस बजट में उन्हीं जरूरतमंद तबकों को सशक्त करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के आर्थिक विकास को गति देगा और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करेगा।