“भाजपा की नगर निगम चुनाव जीत के लिए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर में विभिन्न वार्डों में चुनाव कार्यालयों का किया शुभारंभ”
रायपुर : राजधानी रायपुर में भाजपा के लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर निगम चुनाव के लिए भाजपा की जीत सुनिश्चित करने हेतु एक महत्वपूर्ण कदम उठाया। विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक सफलता के बाद, अब नगर निगम चुनाव में भी पार्टी की जीत को लेकर अग्रवाल ने रायपुर के विभिन्न वार्डों में भाजपा के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 56, 57, 58, और 59 के भाजपा चुनाव कार्यालयों का शुभारंभ किया और पार्टी के प्रत्याशियों को विजय की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक सुनील सोनी, पूर्व विधायक श्रीचंद सुंदरानी समेत अन्य भाजपा नेता और पार्टी प्रत्याशी भी उपस्थित रहे।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को बताया कि भाजपा ने हमेशा अपने शासन में विकास को प्राथमिकता दी है और आगामी नगर निगम चुनाव में भी पार्टी का उद्देश्य रायपुर के सर्वांगीण विकास को गति देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं का लाभ हर नागरिक तक पहुंचाना पार्टी का मुख्य उद्देश्य है। नगर निगम चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाकर रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस मौके पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। सभी ने पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए नगर निगम चुनाव में भाजपा को भारी बहुमत से जीत दिलाने का संकल्प लिया।
