सरायपाली सड़क हादसा: सीएम साय ने जताया दुख, 43 लोग घायल, एक बच्ची की मौत
रायपुर : महासमुंद जिले के सरायपाली क्षेत्र में एनएच 53 हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भयंकर सड़क हादसा हुआ, जिसमें यात्री बस और खड़ी ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 43 लोग घायल हो गए, जिनमें से 18 को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में एक छह महीने की बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिससे पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है।
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। सीएम साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए लिखा, “महासमुंद जिले के सरायपाली में यात्री बस और ट्रक के बीच हुई सड़क दुर्घटना में एक बच्ची की मृत्यु और 43 लोगों के घायल होने की खबर अत्यंत दुःखद है। घायलों का इलाज जारी है। प्रशासन को बेहतर चिकित्सकीय व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।” उन्होंने आगे लिखा, “ईश्वर से दिवंगत बच्ची की आत्मा की शांति एवं उनके शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।”

घटना के संबंध में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि बस दुर्ग से पुरी की ओर जा रही थी और यह हादसा सुबह के समय हुआ, जब यह बस एक खड़ी ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और क्षेत्रवासियों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। जबकि बच्ची की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है ताकि हादसे के कारणों का पता चल सके।
