राजधानी में अगले चार दिनों तक 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा पारा, ठंड में आएगी कमी
रायपुर। राजधानी समेत प्रदेश में ठंड बढ़-घट रही है। बुधवार से फिर ठंड बढ़ जाएगी। न्यूनतम तापमान में अगले चार दिनों तक 3 से 4 डिग्री बढ़ेगा। इससे फिर से ठंड में कमी आएगी। पिछले 24 घंटे में राजधानी में न्यूनतम तापमान दो डिग्री तक गिर गया है। सरगुजा व बिलासपुर संभाग के कुछ स्थानों पर शीतलहर चल रही है या इसके हालात हैं।
राजधानी में बीते दिनों न्यूनतम तापमान 15.3 डिग्री रहा। हालांकि यह सामान्य से करीब दो डिग्री ज्यादा है। इसके बावजूद ठंड का अहसास ज्यादा हो रहा है। ठंड में उतार-चढ़ाव से बच्चों समेत बड़े व बुजुर्गों का स्वास्थ्य बिगड़ रहा है। आंबेडकर समेत निजी अस्पतालों की ओपीडी में सर्दी, खांसी व बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ गई है।
इन दिनों हर घर में बीमार हैं। मौसम विभाग के अनुसार 18 जनवरी से एक पश्चिम विक्षोभ हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से प्रदेश के मौसम में फिर बदलाव आएगा। आज राजधानी में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 16 डिग्री के करीब रह सकता है। वहीं उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।