बीजापुर में नक्सलियों का कायराना हमला: आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ जवान बुरी तरह घायल

 बीजापुर:  छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सीआरपीएफ जवानों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ ने एक बार फिर इलाके की तनावपूर्ण स्थिति को उजागर किया। जानकारी के अनुसार, सीआरपीएफ की 196वीं बटालियन की टीम रोजाना की तरह एरिया डॉमिनेशन पर निकली थी। टीम ने सुबह महादेव घाट से जंगल की ओर अपना गश्ती अभियान शुरू किया। इस दौरान, बीजापुर घाट के नीचे माओवादियों ने अचानक घात लगाकर गोलीबारी शुरू कर दी।

जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और माओवादियों की गोलीबारी का जोरदार जवाब दिया। करीब एक घंटे तक चली इस मुठभेड़ के बाद माओवादी जंगल का सहारा लेकर भागने में सफल हुए। मुठभेड़ के दौरान माओवादियों द्वारा लगाए गए एक आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) की चपेट में आने से एक सीआरपीएफ जवान घायल हो गया। घायल जवान को तुरंत सुरक्षित क्षेत्र में ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद बीजापुर जिला अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।