मध्यप्रदेश उपचुनाव रिजल्ट : बुधनी में कांटे की टक्कर, विजयपुर सीट पर बीजेपी आगे,
सीहोर/श्योपुर | मध्य प्रदेश में बुधनी और विजयपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव की वोट कॉउंटिंग शुरू हो गई है| सुबह 8 बजे वोट काउंटिंग की शुरुआत पोस्टल बैलेट काउंट करने से हुई है| बुधनी और विजयपुर सीटों पर बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला है| विजयपुर और बुधनी सीट के उपचुनाव में 13 नवंबर को वोट डाले गए थे, जहां विजयपुर में 77|85% वोटिंग हुई तो वहीं बुधनी में 77|32% वोट डाले गए| मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम शिवराज सिंह के केंद्र में जाने से बुधनी सीट खाली हो गई थी| वहीं विजयपुर में कांग्रेस विधायक रामनिवास रावत के भाजपा में शामिल होने से उपचुनाव हो रहे हैं|
विजयपुर में 21, बुधनी में 13 राउंड में मतगणना
कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी किशोर कुमार कन्याल के मुताबिक विजयपुर सीट के लिए मतगणना स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज श्योपुर है| विजयपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 327 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ था, यहां 21 राउंड में वोट काउंटिंग पूरी होगी| वहीं बुधनी विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शासकीय महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज सीहोर में हो रही है| यहां 363 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए थे, जिनकी गिनती के लिए 14 टेबल लगाई गई हैं| बुधनी विधानसभा सीट की वोट काउंटिंग 13 राउंड में पूरी होगी| माना जा रहा है कि बुधनी सीट के नतीजे विजयपुर विधानसभा सीट से पहले आ सकते हैं|
