गौमाताओं को खिचड़ी और गुड़ खिलाकर मुख्यमंत्री ने मनाई गोवर्धन पूजा, दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायपुर :  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा के शुभ अवसर पर अपने निवास की गौशाला में गौवंश की पूजा की, इस दौरान उन्होंने खिचड़ी और गुड़ अपने हाथों से गौमाताओं को खिलाया। प्रदेशवासियों की समृद्धि, सुख और खुशहाली की कामना करते हुए उन्होंने इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, और खेल मंत्री टंकराम वर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारे समाज और संस्कृति में गौवंश के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष दिन है। उन्होंने भगवान कृष्ण और गौमाता से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि और खुशहाली लाए। उन्होंने गौवंश के संरक्षण और सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि गौवंश हमारी कृषि, प्रकृति और जनजीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

पूजा के बाद, जब प्रसाद वितरण शुरू हुआ, तो मुख्यमंत्री साय ने अपने हाथों से गौशाला में सेवा कर रहे भगवानी यादव को मिठाई खिलाकर गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री की इस सरलता और सहजता ने सबको प्रभावित किया, और उनकी ओर से गौसेवा के कार्य की सराहना करते हुए उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे गौवंश के संरक्षण, संवर्धन और देखभाल में योगदान करें।

मुख्यमंत्री के इस पहल ने प्रदेशवासियों को गौवंश की देखभाल और सम्मान के महत्व को समझने का एक प्रेरणादायक संदेश दिया। गोवर्धन पूजा का यह आयोजन सामाजिक सहयोग, समर्पण और परोपकार की भावना को बढ़ावा देता है। यह पर्व हमें प्रकृति और जीवों के प्रति हमारे कर्तव्यों की याद दिलाता है, और मुख्यमंत्री की सहभागिता से यह और भी प्रेरणादायक बन गया।