प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित हुए ग्रामीणों को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, महिलाओं के स्वरोजगार को किया प्रोत्साहित

छत्तीसगढ:   मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस दीपावली पर्व पर अपने गृह ग्राम बगिया में अपने कैम्प कार्यालय में आम नागरिकों से आत्मीयता के साथ मिले, जहां उन्हें बड़ी संख्या में लोगों ने दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों से भी मुलाकात की, जिनमें से कई ग्रामवासी उनके प्रति आभार व्यक्त करने आए थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें दीपावली उपहार भेंट किए, जिससे हितग्राही उत्साहित दिखे। इस अनूठे अवसर पर सभी हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री को धान की बालियों का उपहार भेंट किया, जो समृद्धि और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राहियों को दीपावली का उपहार भेंट किया

मुख्यमंत्री ने खासतौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राही तिलासो बाई से बातचीत की और उनके हस्तनिर्मित दीये व कलश खरीदकर प्रोत्साहित किया।  तिलासो बाई को इस योजना के तहत एक पक्का घर तो मिला ही है, साथ ही माटी कला बोर्ड की पहल के अंतर्गत उन्हें एक इलेक्ट्रिक चाक भी प्रदान किया गया है। यह चाक उनके कार्य में अत्यधिक सहूलियत प्रदान कर रहा है, जिससे वह आसानी से मिट्टी के दीपक, कलश, घड़े और अन्य सजावटी वस्तुएं बनाकर बाजार में बेच पा रही हैं।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राहियों को दीपावली का उपहार भेंट किया

तिलासो बाई ने उत्साहपूर्वक बताया कि इलेक्ट्रिक चाक मिलने के बाद उनके कार्य में तेजी आ गई है और अब वह पहले से अधिक उत्पादक हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि इस वर्ष दीपावली के दौरान उनके बनाए हुए दीयों और अन्य मिट्टी के उत्पादों की बिक्री काफी अच्छी रही, जिससे उनकी आमदनी में भी बढ़ोतरी हुई। दीपावली के समय उनके बनाए सामानों की मांग बढ़ जाती है, और इलेक्ट्रिक चाक की सहायता से वह अधिक मात्रा में उत्पाद तैयार कर सकीं।

 मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना की हितग्राहियों को दीपावली का उपहार भेंट किया

इस मौके पर कलेक्टर रोहित व्यास और पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह भी उपस्थित रहे।