बिहार उपचुनाव: भाजपा ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, चुनाव प्रचार में जुटे बड़े नेता

बिहार की चार विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी ने सोमवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की। इस सूची में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, और विजय कुमार सिन्हा सहित कई प्रमुख नेताओं को शामिल किया गया है। गिरिराज सिंह, नित्यानंद राय, सतीश चंद्र दुबे और डॉ. राज भूषण निषाद जैसे नेता भी पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे।

भाजपा के स्टार प्रचारक चुनावी माहौल बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। सूची में विनोद तावड़े, नागेंद्र नाथ त्रिपाठी, रवि शंकर प्रसाद, अश्विनी कुमार चौबे, राजीव प्रताप रूडी, सैयद शाहनवाज़ हुसैन और अन्य प्रमुख नेताओं का नाम भी शामिल है।

भाजपा ने चार में से दो सीटों पर, तरारी और रामगढ़, पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। वहीं, इमामगंज में जीतन राम मांझी की पार्टी (हम) की दीपा मांझी और बेलागंज में जेडीयू उम्मीदवार मनोरमा देवी को समर्थन दिया है।

उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 25 अक्टूबर है, और नाम वापसी की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर है। मतदान 13 नवंबर को होगा और परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।